Breaking News

बरेली में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग से देह व्यापार कराने वाली सरगना समेत चार गिरफ्तार।

बरेली में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग से देह व्यापार कराने वाली सरगना समेत चार गिरफ्तार।

राष्ट्रीय न्यूज टुडे 

बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने नाबालिग लड़की से देह व्यापार कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह की सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देह व्यापार में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, पीड़िता का फर्जी संशोधित आधार कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 13 मार्च की देर रात एक नाबालिग लड़की डरी-सहमी हालत में थाना बारादरी पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि वह वाराणसी जिले की रहने वाली है और घरवालों की डांट से परेशान होकर जनवरी 2026 में घर से निकल गई थी। वाराणसी रेलवे जंक्शन पर उसकी मुलाकात रिया नामक महिला से हुई, जिसने उसे अपने पास रखा और बाद में बरेली लाकर एक अन्य महिला को बेच दिया।

आरोप है कि उक्त महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता को देह व्यापार में धकेल दिया। नाबालिग होने के बावजूद उसे बालिग दिखाने के लिए उसका फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और विभिन्न होटलों में ग्राहकों के पास भेजा जाता था। पीड़िता की शिकायत पर थाना बारादरी में रिया समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह की मुख्य सरगना बबली यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ विनोद यादव, जसलीन कौर और दुर्गालावती को भी पकड़ा गया। पुलिस ने बबली के कमरे से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह होटल और रेस्टोरेंट में ग्राहकों से संपर्क कर लड़कियों को भेजता था और इसके बदले पैसे लेता था। गिरोह की सरगना बबली ग्राहकों से सौदा तय करती थी, जबकि अन्य सदस्य लड़कियों को स्कूटी से होटल तक ले जाने और निगरानी करने का काम करते थे ताकि वे भाग न सकें।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी रिया और खलील खान की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है। वहीं पीड़िता के लापता होने का मामला वाराणसी के चौबेपुर थाने में पहले से दर्ज है, जिसकी सूचना संबंधित थाने और पीड़िता के परिजनों को दे दी गई है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक ब्रह्मपाल सिंह, महावीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक रितु राठी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!