Breaking News

बलरामपुर: होनहार युवक की मौत से टूटा परिवार, सपनों के साथ बुझ गया एक उज्ज्वल भविष्य।

बलरामपुर: होनहार युवक की मौत से टूटा परिवार, सपनों के साथ बुझ गया एक उज्ज्वल भविष्य।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। सोमवार को हुई दर्दनाक घटना के बाद से राजू वर्मा के घर में मातम पसरा हुआ है। जिस आंगन में कभी हंसी-ठहाकों की आवाजें गूंजती थीं, वहां आज खामोशी चीख बनकर पसरी हुई है। मां की आंखों से आंसू सूख चुके हैं, पिता बेसुध हैं और भाई-बहन हर आने-जाने वाले से बस यही सवाल कर रहे हैं कि आखिर उनके राजू के साथ ऐसा क्या हो गया।

यह हृदय विदारक घटना बलरामपुर जनपद के महदेइया बाजार अंतर्गत कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम गुलरहा मजरा बरगदही की है। सोमवार की सुबह गांव के उत्तर दिशा में स्थित गन्ने के खेत में लगे आम के पेड़ से एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजू वर्मा पुत्र संतराम वर्मा के रूप में हुई। राजू गैड़हिया स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था और साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। पढ़ाई में तेज और मेहनती राजू पूरे गांव की उम्मीद माना जाता था। हाल ही में पीईटी परीक्षा में 79.50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद उसका आत्मविश्वास और भी बढ़ गया था। वह अक्सर कहा करता था कि इस बार वह यूपी एसआई बनकर ही रहेगा।

राजू के सपने सिर्फ अपनी नौकरी तक सीमित नहीं थे, बल्कि वह अपने माता-पिता को बेहतर जीवन देना और अपने भाई-बहनों का भविष्य संवारना चाहता था। घर की जिम्मेदारियां उसने खुद पर ले रखी थीं। लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह भीतर ही भीतर किस मानसिक दबाव और दर्द से गुजर रहा है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर आंख नम है और हर जुबां पर एक ही सवाल है कि आखिर एक होनहार और मेहनती युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।आज न केवल एक परिवार, बल्कि पूरा गांव एक होनहार बेटे के सपनों के टूटने का गम मना रहा है।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!