Breaking News

धारा 163 लागू होने के बीच बरेली पहुंचे अखिलेश यादव, एयरपोर्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा।

धारा 163 लागू होने के बीच बरेली पहुंचे अखिलेश यादव, एयरपोर्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बुधवार को बरेली आगमन के साथ ही जिले का सियासी तापमान चढ़ गया। जैसे ही उनका विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरा, सपा कार्यकर्ताओं में जोश की लहर दौड़ गई। लेकिन प्रशासन ने धारा 163 (पूर्व में 144) लागू होने का हवाला देते हुए उन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी।

प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार, केवल चुनिंदा नेताओं को ही एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, कैलाशपुर रोड स्थित बैरियर नंबर-2 पर जब पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को रोका, तो नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही नारेबाजी शुरू कर दी।

सपा समर्थक “लोकतंत्र की हत्या बंद करो”, “अखिलेश यादव जिंदाबाद” और “सपा कार्यकर्ता एकता जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए विरोध जताने लगे।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बना रहा। अधिकारियों ने दोहराया कि धारा 163 के तहत किसी भी प्रकार के जुलूस या भीड़ जुटाने पर रोक है।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक अताउर रहमान (बहेड़ी), विधायक शहजिल इस्लाम (भोजीपुरा) और सांसद नीरज मौर्य (आंवला) सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव, प्रो. जाहिद खां, कदीर अहमद, शिव प्रताप यादव, शुभलेश यादव और मलखान सिंह यादव समेत कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

सपा नेताओं ने प्रशासनिक रुख पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण स्वागत को रोकना सत्ता की घबराहट को दर्शाता है।

सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव का यह दौरा बरेली एयरपोर्ट से लेकर रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय तक प्रस्तावित है, जो पार्टी के संगठनात्मक सशक्तिकरण और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!