Breaking News

बलरामपुर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार — चाकू और डंडा बरामद।

बलरामपुर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार — चाकू और डंडा बरामद।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद की सादुल्लानगर पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी बरामद किया है। मामला बीते 5 अक्टूबर 2025 की शाम का है, जब ग्राम गोकुला बुर्जुग डीह निवासी कर्ता राम वर्मा, जो पेशे से प्राइवेट चिकित्सक थे, इलाज के लिए गांव से निकले थे और वापस नहीं लौटे।

अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने उनका शव मद्दौ भट्ठा जंगल में देखा, जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिवारजनों ने देखा कि शव पर कई चोटों के निशान थे। घटना की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना सादुल्लानगर में मुकदमा संख्या 112/25 धारा 103(1), 238(a) बीएनएस दर्ज कर जांच प्रारंभ की।

थाना प्रभारी सादुल्लानगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों को चिन्हित किया। पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने अमघटी पुल के पास से दो अभियुक्तों —

राजू उर्फ हुकुम अली पुत्र रिक्खीराम उर्फ सहमुल्ला निवासी हसनगढ़ (बस्ती) वर्तमान में मद्दौ चौरा, बलरामपुर और सूरज कुमार पुत्र राजकुमार उर्फ गोपाली निवासी मद्दौ चौरा, सादुल्लानगर, बलरामपुर को गिरफ्तार किया।

अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया। दोनों ने बताया कि मृतक कर्ता राम वर्मा उनके गांव में एक पशु का इलाज करने आए थे। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल पर बैठने को लेकर कहासुनी हुई। मृतक द्वारा सार्वजनिक रूप से डांटने पर दोनों को अपमान महसूस हुआ और गुस्से में उन्होंने बदला लेने की योजना बनाई।

रात में उन्होंने मृतक की मोटरसाइकिल को रास्ते में ओवरटेक कर रोका और सुनसान जगह पर चाकू व डंडे से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मद्दौ भट्ठा जंगल में फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू और डंडा बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा चुकी है और उन्हें माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर ने बताया कि यह हत्या एक मामूली विवाद के कारण की गई थी, लेकिन पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश कर दिया है।

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …