Breaking News

दिशा पाटनी के पैतृक घर पर फायरिंग मामला : इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, एक और साथी गिरफ्तार।

दिशा पाटनी के पैतृक घर पर फायरिंग मामला : इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, एक और साथी गिरफ्तार।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक आवास पर हुई फायरिंग प्रकरण की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को शाही थाना इलाके के दुनका–बिहारीपुर मार्ग पर किच्छा नदी पुल के पास एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम से अपराधियों की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार का इनामी अपराधी रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका साथी अनिल पुत्र सतीश निवासी सोनीपत (हरियाणा) दबोच लिया गया।

पूछताछ में बड़ा खुलासा।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घायल रामनिवास ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह उसी गिरोह का सदस्य है जिसने कुछ दिन पहले अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। उसके पास से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस के सामने कहा कि अब वह उत्तर प्रदेश की जमीन पर कदम नहीं रखेगा क्योंकि पुलिस से टकराना किसी के बस की बात नहीं है।

बाइक से की गई थी रेकी।

अनिल के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए। घटनास्थल से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी मिली। जांच से पता चला कि इसी बाइक का इस्तेमाल पाटनी परिवार के घर की रेकी के दौरान किया गया था।

गिरोह का नेटवर्क फैला कई राज्यों में।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह राजस्थान और हरियाणा से जुड़ा हुआ है। घायल रामनिवास राजस्थान के बियावर जिले के बेडकला गांव का रहने वाला है, जबकि पकड़ा गया अनिल हरियाणा के सोनीपत का निवासी है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह फिल्मी हस्तियों और चर्चित परिवारों को निशाना बनाकर दहशत फैलाना चाहता था।

पहले भी हुई कार्रवाई।

इससे पहले गाजियाबाद में स्पेशल टास्क फोर्स दो शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है। वहीं दिल्ली पुलिस इस मामले में नकुल और विजय नामक आरोपियों को पकड़ चुकी है। ताजा गिरफ्तारी और मुठभेड़ के बाद पुलिस को पूरे नेटवर्क के पर्दाफाश की उम्मीद है।

पुलिस की प्रतिक्रिया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग कराने वाले ज्यादातर आरोपी अब पुलिस की पकड़ में हैं। जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी बेनकाब कर दिया जाएगा।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!