Breaking News

रिहायशी इलाके में आज तक नहीं बना मार्ग, बारिश में जलभराव से बढ़ी परेशानी।

रिहायशी इलाके में आज तक नहीं बना मार्ग, बारिश में जलभराव से बढ़ी परेशानी।

रामकृपाल सिंह, संवाददाता 

चहनियां, चंदौली। चहनियां वाया बलुआ मुख्य मार्ग से मात्र सौ मीटर की दूरी पर सराय गांव के सरहद पर बसे दर्जन भर से अधिक रिहायशी मकानों के लोगों के लिए अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। आलम यह है कि भारी बारिश के दौरान यह मार्ग पानी से लबालब भर जाता है और लोगों को रोजाना खतरनाक हालात में गुजरना पड़ता है। यहां सरकारी डॉक्टर, निजी अस्पताल, व्यापारी, अध्यापक और नौकरीपेशा लोग मकान बनाकर रहते हैं, बावजूद इसके अब तक उन्हें पक्की सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर बच्चों का अस्पताल भी स्थित है, जहां आए दिन मरीजों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन उचित मार्ग न होने के कारण आए दिन मरीजों और उनके परिजनों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है क्योंकि अगल-बगल खेत होने के कारण पानी सीधे रास्ते में भर जाता है। कीचड़ और दलदल के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

लोगों ने बताया कि कई बार मजबूरी में उन्होंने अपनी निजी लागत से मिट्टी और ईंट के टुकड़े डालकर रास्ते को कुछ हद तक चलने लायक बनाया। इसके बावजूद हल्की बरसात में यहां इतनी फिसलन हो जाती है कि दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री आए दिन गिरकर घायल हो जाते हैं। कई बार लोगों ने गांव के प्रधान को मौखिक और लिखित रूप से प्रस्ताव दिया, मगर अब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पाया।

रिहायशी इलाके में रहने वाले परिवारों का कहना है कि बड़ी मुश्किलों में उन्हें घर तक पहुंचना पड़ता है। कुछ लोगों ने अपनी निजी जेब से पैसे लगाकर रास्ते को अस्थायी रूप से दुरुस्त कर लिया है, जबकि कई परिवार अब भी कीचड़ और दलदल से होकर ही अपने घर जाते हैं।

इस संदर्भ में ग्राम प्रधानपति अभय सिंह ने बताया कि मनरेगा के तहत इस मार्ग के कच्चे कार्य का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी मंजूरी और निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पक्के मार्ग का निर्माण नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ जाएगी।

Spread the love

Check Also

बिल्सी: दीननगर शेखपुर में घर में घुसे चोर, एक लाख की नगदी और जेवरात पर किया हाथ साफ।

बिल्सी: दीननगर शेखपुर में घर में घुसे चोर, 1 लाख की नगदी और जेवरात पर …

error: Content is protected !!