Breaking News

युवती के लापता होने से बढ़ी हलचल, अपहरण और प्रेम प्रसंग के बीच उलझा मामला।

परिजनों ने लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच।

रिपोर्टर: मोहम्मद वसीम

बरेली/बहेड़ी। थाना क्षेत्र में एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला अब कई सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों के आरोप और पुलिस जांच में सामने आ रहे तथ्यों के बीच यह प्रकरण अपहरण और प्रेम प्रसंग के पहलुओं में उलझता नजर आ रहा है।

ग्राम मनकापुर उर्फ मूसापुर निवासी ललित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि ग्राम पिताम्बरपुर, थाना हाफिजगंज निवासी एक युवक और उसके परिजनों ने उनकी 23 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

वहीं, प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला एक अलग दिशा भी लेता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार करीब नौ माह पूर्व एक पारिवारिक समारोह में युवती और आरोपी युवक की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा। जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की संभावना भी सामने आ रही है। साथ ही, दोनों के दूर के रिश्तेदार होने की बात भी पुलिस जांच में शामिल है।

पुलिस के सामने अब यह चुनौती है कि मामले को अपहरण के रूप में देखा जाए या फिर सहमति से साथ जाने के पहलू को परखा जाए। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवती की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों की गहन जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, यह मामला पारिवारिक विवाद, सामाजिक मान्यताओं और व्यक्तिगत संबंधों के बीच उलझा हुआ प्रतीत हो रहा है, जिसमें हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!