Breaking News

शाहजहांपुर: मानव सेवा में जुटीं दो संस्थाएं: ‘परी आपकी रसोई’ और रेड क्रॉस सोसाइटी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ।

मानव सेवा में जुटीं दो संस्थाएं: ‘परी आपकी रसोई’ और रेड क्रॉस सोसाइटी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय अग्रणी संस्था ‘परी आपकी रसोई’ और विश्व की प्रतिष्ठित मानवीय संस्था ‘इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी’ के बीच सेवा और सहयोग का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। हाल ही में ‘परी आपकी रसोई’ के संचालक समाजसेवी विनय अग्रवाल ने रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जोहरी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य शाहजहाँपुर में असहायों की सेवा और राहत कार्यों को और अधिक संगठित व प्रभावी बनाना रहा।

डॉ. विजय जोहरी ने ‘परी आपकी रसोई’ की अनूठी पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों और जरूरतमंदों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना न केवल सेवा है, बल्कि एक बड़ा मानवीय कार्य है। डॉ. जोहरी ने इसे आज के दौर में प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसी पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है।

भेंट के दौरान विनय अग्रवाल ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के मानवीय सेवा सहायता कक्ष और राहत सामग्री भंडार का निरीक्षण किया। उन्होंने रेड क्रॉस द्वारा संचालित आपदा प्रबंधन, रक्तदान शिविरों, वस्त्रदान अभियान और कंबल वितरण जैसे कार्यों को बारीकी से समझा। अग्रवाल ने डॉ. जोहरी के नेतृत्व में जिले में हो रहे इन कार्यों को मील का पत्थर बताया।

इस अवसर पर डॉ. विजय जोहरी ने समाज सेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए विनय अग्रवाल को रेड क्रॉस का विशिष्ट पटका पहनाया, स्मृति चिन्ह भेंट किया और रेड क्रॉस मेडल से नवाजा। डॉ. जोहरी ने कहा कि रेड क्रॉस सदैव उन लोगों का सम्मान करता है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाने का प्रयास करते हैं।

विनय अग्रवाल ने रेड क्रॉस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को याद करते हुए कहा कि शांति और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए इसे चार बार नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने शाहजहाँपुर में डॉ. जोहरी के मार्गदर्शन में चल रहे कार्यों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि रक्तदान शिविरों से लेकर व्हीलचेयर वितरण तक, रेड क्रॉस ने जिले में संवेदनशीलता की मिसाल कायम की है। अंत में, दोनों संस्थाओं के प्रमुखों ने संकल्प लिया कि भविष्य में वे एक-दूसरे के सहयोग से शाहजहाँपुर में चिकित्सा और भोजन संबंधी राहत कार्यों को और अधिक विस्तार देंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!