Breaking News

शाहजहांपुर: कक्षा 11 के छात्र ने सहपाठी को गोली मारी, नाबालिग आरोपी हिरासत में।

कक्षा 11 के छात्र ने सहपाठी को गोली मारी, नाबालिग आरोपी हिरासत में।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र में कक्षा 11 के दो छात्रों के बीच पुरानी कहासुनी ने गुरुवार को गोलीकांड का रूप ले लिया। काकोरी शदीद इंटर कॉलेज के छात्र रजत यादव उर्फ गोलू को उसी कक्षा में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र ने गंगा एक्सप्रेसवे पर बुलाकर पीठ में गोली मार दी। घायल छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर कर दिया गया।

घटना के अनुसार, करीब पांच–छह महीने पहले दोनों छात्रों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके दौरान रजत ने आरोपी छात्र को थप्पड़ मार दिया था। उस समय यह मामला मजाक-मजाक में शांत हो गया, लेकिन नाबालिग छात्र ने इसे दिल पर ले लिया और बदले की नीयत रखी।

गुरुवार शाम आरोपी ने रजत को फोन कर गंगा एक्सप्रेसवे पर बुलाया। बातचीत के दौरान रजत मोबाइल चलाने में व्यस्त था, तभी आरोपी ने मौका पाकर तमंचे से उसकी पीठ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम—प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक योगेश कुमार चौहान, पवन कुमार आदि ने मौके की छानबीन कर आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने नाबालिग छात्र को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किए गए।

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि रजत उसे अक्सर गाली देता था और जान से मारने की धमकी देता था। इसी डर और गुस्से के कारण उसने पहले ही रजत को जान से मारने की योजना बना ली। आरोपी ने कबूल किया कि वह तमंचा घर से लेकर गया था और वारदात के बाद इसे खेत के पास मिट्टी में छिपा दिया था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!