Breaking News

शाहजहांपुर: अंतर्राष्ट्रीय तटस्थता दिवस पर प्रो. कमलेश गौतम की संपादित पुस्तक का विमोचन।

अंतर्राष्ट्रीय तटस्थता दिवस पर प्रो. कमलेश गौतम की संपादित पुस्तक का विमोचन।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। अंतर्राष्ट्रीय तटस्थता दिवस के अवसर पर एस.एस. कॉलेज में वाणिज्य विभाग के प्रो. कमलेश गौतम और अपर्णा त्रिपाठी द्वारा संपादित पुस्तक “वाणिज्य और मानविकी में नवीन प्रवृत्तियां” का औपचारिक विमोचन किया गया। पुस्तक का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर.के. आज़ाद ने किया।

344 पृष्ठों की इस पुस्तक में देशभर के 43 विद्वानों के शोध-पत्र और लेख सम्मिलित हैं। पुस्तक की भूमिका बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने लिखी है। इसमें महिला सशक्तिकरण, ई-कॉमर्स, ग्रामीण विकास, आधुनिक व्यावसायिक रणनीतियां, हरित प्रबंधन, कृषि की नई प्रवृत्तियां, डिजिटल इंडिया, उपभोक्ता व्यवहार, कौशल विकास, स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियां, नागरिक अधिकार, संसाधनों का वितरण और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों जैसे विविध विषय शामिल किए गए हैं।

पुस्तक का परिचय देते हुए डॉ. कमलेश गौतम ने कहा कि साहित्य का उद्देश्य समाज की ज्वलंत समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान की दिशा में मार्ग खोजने में मदद करना है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय तटस्थता दिवस विश्व में शांति, संवाद और कूटनीतिक समाधान के संदेश को रेखांकित करता है, और इसी भावना के अनुरूप पुस्तक की विषय-वस्तु समाज को समर्पित है।

विमोचन कार्यक्रम में वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनुराग अग्रवाल, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य कुमार सिंह, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. शालीन कुमार सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. गौरव सक्सेना, डॉ. विजय तिवारी सहित अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने डॉ. कमलेश गौतम को उनकी उपलब्धि पर आशीर्वाद दिया, वहीं सचिव डॉ. ए.के. मिश्रा ने उन्हें साहित्यिक यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!