Breaking News

सहसवान: नाला निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, घटिया सामग्री देख भड़के ग्रामीण।

सहसवान: नाला निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, घटिया सामग्री देख भड़के ग्रामीण।

सहसवान (बदायूँ)। जनपद के तहसील सहसवान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ौलिया पट्टी तासौल उर्फ धोबिया में सरकारी धन की बंदरबांट का मामला सामने आया है। यहाँ बन रहे नाले के निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा मानकों की धज्जियाँ उड़ाते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि नाले के निर्माण में सरिया और सीमेंट का अनुपात पूरी तरह गलत है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा पांच-एक के अनुपात में मसाला लगाया जा रहा है, जो नाले की मजबूती के लिए नाकाफी है। इतना ही नहीं, नाले में डाले जा रहे लोहे के जाल में भी धांधली की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सरिया के जाल को एक-एक फीट की दूरी पर बांधा जा रहा है, जिससे भविष्य में नाले के धंसने या टूटने का पूरा खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का तर्क है कि यदि इसी प्रकार घटिया निर्माण जारी रहा, तो जनता के टैक्स का पैसा सीधे तौर पर बर्बाद होगा।

स्थानीय निवासियों का यह भी आरोप है कि उन्होंने कई बार मौखिक रूप से इसकी शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की, लेकिन अभी तक किसी ने मौके पर आकर जांच करना उचित नहीं समझा। ग्रामीणों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि मानकों के अनुसार निर्माण कार्य नहीं कराया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को विवश होंगे। फिलहाल निर्माण कार्य में बरती जा रही इस लापरवाही को लेकर पूरे गाँव में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …