Breaking News

सहसवान: मजदूर से मारपीट के बाद पेशाब पिलाने का आरोप, कार्रवाई न होने पर अधिकारियों से गुहार।

मजदूर से मारपीट के बाद पेशाब पिलाने का आरोप, कार्रवाई न होने पर अधिकारियों से गुहार।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य 

सहसवान (बदायूँ)। थाना सहसवान क्षेत्र में एक मजदूर के साथ मारपीट, धारदार हथियार से हमला और मुंह में पेशाब करने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित मजदूर ने गांव के ही एक दबंग पर पुरानी रंजिश के चलते रास्ते में घेरकर इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस को तहरीर देने और डॉक्टरी परीक्षण (मेडिकल) कराए जाने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परेशान होकर उसने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित मजदूर के अनुसार, वह मजदूरी करने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही प्रदीप कुमार पुत्र अमर सिंह ने पुरानी कहासुनी को लेकर उसे घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी और खुरपी से हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया।

पीड़ित ने बेहद संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी उसकी छाती पर बैठ गया और जबरन उसके मुंह में पेशाब कर दिया। हमले में मजदूर के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया।

पीड़ित का कहना है कि उसने तत्काल सहसवान कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। हालांकि, मेडिकल के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आहत पीड़ित ने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज करने और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि डॉक्टरी रिपोर्ट और मामले की जांच के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

सहसवान: जमीन की नींव भरने को लेकर विवाद, चार लोगों पर मारपीट व जानलेवा हमले का आरोप।

जमीन की नींव भरने को लेकर विवाद, चार लोगों पर मारपीट व जानलेवा हमले का …