Breaking News

मूसाझाग: नीम की टहनी काटने पर किसान से अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों के विरोध पर गाड़ी लेकर भागा थाने का चालक।

नीम की टहनी काटने पर किसान से अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों के विरोध पर गाड़ी लेकर भागा थाने का चालक।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

मूसाझाग, बदायूं। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गंगपुर में शुक्रवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब थाने के एक सरकारी वाहन चालक पर स्थानीय किसान से अवैध उगाही की मांग करने का गंभीर आरोप लगा। ग्रामीणों की भारी भीड़ और बढ़ते विरोध को भांपकर आरोपी चालक मौके से अपनी सरकारी गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गया। यह पूरा मामला इस समय समूचे क्षेत्र में जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्राप्त विवरण के मुताबिक, गंगपुर निवासी किसान अनेकपाल सिंह इन दिनों अपने मकान का निर्माण कार्य करवा रहे हैं। उनके घर के मुख्य द्वार के समीप नीम का एक पेड़ स्थित है, जिसकी एक पतली टहनी दीवार खड़ी करने में रुकावट पैदा कर रही थी। इसी बाधा को दूर करने के लिए किसान ने शुक्रवार की सुबह उस टहनी को काट दिया। बताया जा रहा है कि गांव के ही किसी व्यक्ति ने इसकी भनक थाने पर तैनात सरकारी गाड़ी के चालक गुरदीप सिंह विश्नोई को दे दी।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना पाते ही उक्त चालक एक सिपाही और होमगार्ड को साथ लेकर सरकारी बोलेरो से गांव धमक पड़ा। चश्मदीदों के अनुसार, चालक उस वक्त राजकीय वर्दी में भी नहीं था और हाफ नेकर व बनियान पहने हुए था। उसने आते ही टहनी काटने को लेकर किसान अनेकपाल सिंह को बुरी तरह धमकाना और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने किसान को जेल भेजने का खौफ दिखाया और मामले को रफा-दफा करने के एवज में रुपयों (खर्चे) की मांग की।

जब किसान ने अवैध रूप से रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो चालक और ज्यादा आपा खो बैठा तथा बवाल करने लगा। बीच सड़क पर हो रहे शोर-शराबे को सुनकर आसपास के तमाम ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने चालक की इस मनमानी का पुरजोर विरोध करना शुरू कर दिया। खुद को ग्रामीणों से घिरता देख और माहौल बिगड़ता भांप चालक तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी में बैठकर वहां से रफूचक्कर हो गया। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी तीव्र आक्रोश देखा गया कि उक्त चालक अक्सर नशे की हालत में रहता है और थाने आने वाले सीधे-साधे फरियादियों को गेट पर ही रोककर अवैध धन की मांग करता है।

इस पूरे प्रकरण को लेकर जब मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक से संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई भी घटना धरातल पर घटित हुई है, तो यह अत्यंत निंदनीय और अनुशासनहीनता के दायरे में आती है। इस विषय में पूरी जानकारी जुटाकर जल्द ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!