Breaking News

बिजली कटौती पर तल्ख हुए विधायक कैलाश आचार्य, अधिकारियों को मुख्यालय पर रात गुजारने के दिए निर्देश।

बिजली कटौती पर तल्ख हुए विधायक कैलाश आचार्य, अधिकारियों को मुख्यालय पर रात गुजारने के दिए निर्देश।

आकाश शर्मा, संवाददाता

चकिया (चंदौली)। क्षेत्रीय जनता और व्यापारियों को लगातार झेलनी पड़ रही अघोषित बिजली कटौती और चरमराई विद्युत आपूर्ति के खिलाफ शनिवार को जनआक्रोश फूट पड़ा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विष्णु जायसवाल और वरिष्ठ व्यापारी नेता कैलाश प्रसाद जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पीड़ित व्यापारियों और नागरिकों ने स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य के कार्यालय का घेराव किया। जनता की इस गंभीर समस्या को सुनते ही विधायक बेहद सख्त रुख में नजर आए। उन्होंने तत्काल मौके से ही जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को फोन मिलाकर क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई और इसे जल्द से जल्द दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट लहजे में कहा कि बिजली आपूर्ति को लेकर सरकार बेहद गंभीर है और जनता को हर हाल में पर्याप्त बिजली मिलनी चाहिए, इसमें लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

वार्ता के दौरान विधायक ने स्थानीय एसडीओ और जेई की कार्यशैली पर भी तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी रात के समय अपने मुख्यालय पर मौजूद नहीं रहते, जिसके चलते देर रात फॉल्ट होने पर आपूर्ति घंटों बाधित रहती है और जनता परेशान होती है। उन्होंने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि एसडीओ और जेई अनिवार्य रूप से रात में मुख्यालय पर ही प्रवास करें ताकि किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जर्जर तारों को युद्धस्तर पर बदलने और सब-स्टेशन की लॉगबुक के अनुसार ही पारदर्शी तरीके से बिजली सप्लाई देने की हिदायत दी। विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह जल्द ही बिना किसी पूर्व सूचना के विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस शिकायती बैठक के दौरान महामंत्री मनोज चौहान, रामलाल सेठ, सुजीत जायसवाल, आलोक जायसवाल, दीपक चौहान, गणेश वर्मा, पंकज श्रीवास्तव, प्रिंस गुप्ता, भोला प्रसाद, आसिफ कमर, राहुल जायसवाल, राज यादव, लोकेश चौरसिया और आशु जायसवाल समेत क्षेत्र के तमाम सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!