Breaking News

हौसले बुलंद: सकलडीहा में दुर्घटना के बाद घायल गोवंश छोड़ वाहन समेत भागे तस्कर, गश्ती दल पर उठे सवाल।

हौसले बुलंद: सकलडीहा में दुर्घटना के बाद घायल गोवंश छोड़ वाहन समेत भागे तस्कर, गश्ती दल पर उठे सवाल।

नीतिश कुमार पाण्डेय, संवाददाता

चंदौली। जनपद में पशु तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें कानून का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। ताजा घटना सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोजापुर से सकलडीहा स्टेशन मार्ग की है, जहाँ बढ़वालडीह गांव के पास पशु तस्कर एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से रफूचक्कर हो गए और स्थानीय पुलिस को कानोकान भनक तक नहीं लगी।

इस वाकये के बाद रात्रिकालीन गश्ती दल, स्थानीय पुलिस पिकेट और यूपी 112 की मुस्तैदी व कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, बढ़वालडीह गांव के समीप तस्करों का एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे के बाद मौके पर जख्मी हालत में तड़पती गाय और उसे छिपाने के लिए रखी गई भूसे की बोरियां बिखरी पड़ी थीं। ग्रामीणों का कहना है कि तस्करों ने शातिराना दिमाग लगाते हुए घायल गोवंश और भूसे को वहीं छोड़ दिया और पलटे हुए वाहन को सीधा कर उसे लेकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहे।

इस पूरी घटना को लेकर क्षेत्रीय जनता में स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का साफ तौर पर आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी तस्करों का आसानी से निकल जाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर संदेह पैदा करता है। इस बेहद संवेदनशील मामले को लेकर जब पुलिस अधीक्षक से संपर्क साधने की कोशिश की गई, तो उनका फोन पीआरओ के पास होने के चलते उनसे सीधा संवाद नहीं हो सका। हालांकि, मामले के तूल पकड़ने पर अपर पुलिस अधीक्षक ने इस पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लिया है और उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कराने का भरोसा दिया है, ताकि दोषियों और लापरवाह कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!