Breaking News

बलरामपुर में ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश।

बलरामपुर में ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। बुधवार को अटल भवन स्थित भाजपा कार्यालय पर “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि भारत अब ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ से आगे बढ़कर ‘वेड इन इंडिया’ की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। यह अभियान देश को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है।

विधायक शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देखा गया “विकसित भारत 2047” का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लेगा। उन्होंने कहा, “स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति और आत्मा का प्रतीक है। हमें विदेशी वस्तुओं के मोह से बाहर निकलकर अपने देश के उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।”

स्वदेशी अपनाने से ही आत्मनिर्भरता संभव – आरती तिवारी

प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने कहा कि आज भारत के पारंपरिक ज्ञान—योग, आयुर्वेद, हस्तशिल्प और लघु उद्योगों—की विश्वभर में पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि “मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और लोकल फॉर वोकल” जैसे अभियानों ने आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत की है।

अभियान बने जनांदोलन – रवि मिश्रा

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक देश में निर्मित वस्तुओं को गर्व के साथ अपनाएगा। उन्होंने कहा,

> “देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने का रास्ता हमारे ही हाथों में है। जब हम अपने देश में बने सामान का उपयोग करेंगे, तभी सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर भारत बनेगा।”

रवि मिश्रा ने बताया कि “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान भाजपा संगठन द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार और प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना है।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह बैस, मीडिया संयोजक अवधेश पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी सहित कई गणमान्य नागरिक और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!