Breaking News

कासगंज: स्मार्ट मीटर के खिलाफ सपा प्रवक्ता का अनूठा विरोध, सुजावलपुर बिजलीघर पर धरने से मचा हड़कंप।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ सपा प्रवक्ता का अनूठा विरोध, सुजावलपुर बिजलीघर पर धरने से मचा हड़कंप।

रिपोर्ट: वसीम कुरैशी

गंजडुंडवारा, कासगंज। अपने अनोखे विरोध प्रदर्शनों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी एक बार फिर चर्चा में हैं। कभी सड़क के गड्ढों में मछली पकड़कर तो कभी बाढ़ में जल सत्याग्रह कर जनता की आवाज उठाने वाले सपा नेता ने अब बिजली विभाग की स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

गंजडुंडवारा क्षेत्र के सुजावलपुर बिजलीघर पर उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों और भारी संख्या में महिलाओं के साथ जमीन पर बैठकर धरना दिया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रीपेड मीटरों को तत्काल पोस्टपेड करने की मांग उठाई।

धरना स्थल पर मौजूद उपभोक्ताओं का गुस्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली व्यवस्था स्मार्ट होने के बजाय और अधिक कष्टकारी हो गई है। बिना किसी पूर्व सूचना या SMS के अचानक बिजली काट दी जाती है और बिल भुगतान या रीचार्ज करने के कई घंटों बाद तक आपूर्ति बहाल नहीं की जाती।

अब्दुल हफीज गांधी ने संबोधन में कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता का मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है। अधिकांश उपभोक्ताओं की बिना सहमति के ये मीटर लगाए गए हैं। नेटवर्क की खराबी और तकनीकी समस्याओं के कारण गलत बिलिंग हो रही है, जिससे गरीब और ग्रामीण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बीमारी और बुजुर्गों की स्थिति में भी बिना चेतावनी बिजली काटना अमानवीय कृत्य है।

इस आंदोलन में एक खास पहलू महिलाओं की भागीदारी रही, जो घर का चूल्हा-चौका छोड़कर भीषण धूप में धरना स्थल पर पहुंचीं। महिलाओं ने दुख जताते हुए कहा कि अचानक बिजली कटने से बच्चों की पढ़ाई और रसोई का काम प्रभावित होता है, जिससे घर का पूरा अनुशासन बिगड़ गया है। वहीं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव राशिद अली ने बताया कि गंजडुंडवारा के 40 हजार उपभोक्ताओं के लिए केवल एक बिल काउंटर है, जिसके कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ता है।

अंत में मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेकर पुरानी पोस्टपेड व्यवस्था बहाल की जाए, बिल काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए और बिजली कटौती पर लगाम लगाकर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। इस मौके पर मुनेंद्र शाक्य, पंकज लोधी, मुशीर अहमद और राजू वर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!