Breaking News

स्कूल में बंद रह गया मासूम छात्र, लापरवाही पर प्रधानाध्यापक निलंबित।

छुट्टी के बाद कक्षा में ही छूट गया 6 वर्षीय बच्चा, ग्रामीणों और पुलिस ने सुरक्षित निकाला।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जिले में सरकारी स्कूल की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां करीब 6 साल का एक मासूम छात्र छुट्टी के बाद कक्षा में ही बंद रह गया। यह घटना पटियाली तहसील के गांव नगला टीका स्थित प्राथमिक विद्यालय की है।

बताया जा रहा है कि छुट्टी के बाद स्कूल बंद कर दिया गया, लेकिन एक बच्चा कक्षा के अंदर ही रह गया। करीब एक घंटे तक मासूम बंद कमरे में “सर जी मुझे निकाल दो” कहते हुए रोता-बिलखता रहा। भीषण गर्मी के कारण बच्चा पसीने से लथपथ हो गया था।

इसी दौरान स्कूल के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। जब उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो बच्चा डरा-सहमा नजर आया। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से संबंधित अध्यापक को बुलाया गया और स्कूल का ताला खुलवाकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद बच्चा काफी डरा हुआ था। सूचना मिलते ही परिजन भी स्कूल पहुंच गए।

घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और लापरवाही बरतने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

वायरल वीडियो 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!