Breaking News

अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले क्रांतिकारियों की स्मृति में मूर्ति स्थापना का भूमि पूजन।

अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले क्रांतिकारियों की स्मृति में मूर्ति स्थापना का भूमि पूजन।

डॉ. आंबेडकर, बिरसा मुंडा और ज्योतिबा फुले की प्रतिमाएँ दो माह में होंगी स्थापित — रेहान खान।

मोहम्मद असलम, संवाददाता 

लखीमपुर खीरी। जनपद खीरी के ग्राम कुकरा में 29 दिसंबर 2025 को अंग्रेज़ी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष करने वाले अमर क्रांतिकारियों एवं महान समाज सुधारकों की स्मृति में मूर्ति स्थापना हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और सम्मान के साथ सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम भारतीय बौद्ध महासभा, लखनऊ के तत्वावधान में भंते सुमित रत्न के पावन सान्निध्य में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं बुद्धिजीवियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

कार्यक्रम के दौरान लाखन पासी, उदा देवी पासी, मातादीन भंगी, गुरु रविदास, संत गाड़गे महाराज, डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा मान्यवर कांशीराम के संघर्ष, त्याग और सामाजिक चेतना में दिए गए योगदान को भावपूर्ण शब्दों में स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन महापुरुषों ने न केवल अंग्रेज़ी शासन के विरुद्ध जनजागरण किया, बल्कि समाज में समता, स्वाभिमान, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी।

वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आज की युवा पीढ़ी को इन महानायकों के विचारों और जीवन मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही विचारधारा समाज को समानता, भाईचारे और मानवीय मूल्यों की दिशा में आगे ले जाती है। मंच से सामाजिक सौहार्द, बहुजन चेतना और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रेहान खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, किसानों के अधिकार, बेरोजगारी, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

रेहान खान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और कमजोर वर्गों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनभावनाओं के साथ खड़ी है और जनता की आवाज़ को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।

दो माह में मूर्ति स्थापना और नए इंटर कॉलेज की घोषणा

रेहान खान ने कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि डॉ. भीमराव आंबेडकर, बिरसा मुंडा, लक्ष्मण पासी और ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं की स्थापना अगले दो माह के भीतर कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक परिवर्तन के महान नायकों से जोड़ने का कार्य करेगी।

इसके साथ ही उन्होंने कुकरा गांव में नए इंटर कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इस घोषणा पर उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महेंद्र राणा (प्रोफेसर, जेएनयू, नई दिल्ली), जकी अहमद (कुकरा), खलीउल्ला (कुकरा) सहित अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!