Breaking News

बलरामपुर के इटईरामपुर गाँव में दुर्गा शोभायात्रा पर दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, हिंदू-मुस्लिम एकता का अनोखा संदेश।

बलरामपुर के इटईरामपुर गाँव में दुर्गा शोभायात्रा पर दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, हिंदू-मुस्लिम एकता का अनोखा संदेश।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के विकासखंड गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र के ग्राम इटईरामपुर में माँ दुर्गा की शोभायात्रा के दौरान एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला। यहाँ हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए गाँव के प्रधान प्रतिनिधि फ़खरुद्दीन खान और बब्बू ने शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए न केवल चाट-चाउमीन और पेयजल का स्टॉल लगवाया, बल्कि स्वयं भी सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर फ़खरुद्दीन खान ने अपने हाथों से माँ दुर्गा की शोभायात्रा में शामिल भक्तों को प्रसाद वितरित किया। उनकी इस पहल ने लोगों के दिलों को छू लिया और गाँव सहित आसपास के क्षेत्रों में उनकी जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की एक अनोखी मिसाल बताया।

ग्रामवासियों का कहना है कि जहाँ आजकल समाज में विभाजन की बातें होती हैं, वहीं इटईरामपुर गाँव ने यह साबित किया है कि असली भारत की पहचान आपसी मेल-जोल और गंगा-जमुनी तहज़ीब है। गाँव के लोगों ने बताया कि इस तरह के कार्य समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आने वाली पीढ़ियों को आपसी सौहार्द्र का संदेश देते हैं।

प्रधान प्रतिनिधि फ़खरुद्दीन खान ने इस अवसर पर कहा कि धार्मिक आयोजनों में सभी समुदायों की भागीदारी से न केवल सामाजिक सद्भाव मज़बूत होता है, बल्कि यह भाईचारा भी गहरा होता है। उन्होंने कहा कि “भारत की असली ताक़त इसकी एकता और विविधता में ही छिपी है। हमें हर धर्म और हर परंपरा का सम्मान करना चाहिए, तभी समाज में शांति और प्रगति संभव है।”

गाँव के वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भी इस पहल की जमकर प्रशंसा की। उनका कहना था कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों के बीच नफरत की दीवारों को गिराकर एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।

इटईरामपुर गाँव की यह पहल पूरे जनपद के लिए मिसाल बन गई है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!