Breaking News

बदायूं के विकास को नई उड़ान देगा गंगा एक्सप्रेसवे: केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने जनपद को सौंपी बड़ी सौगात।

बदायूं के विकास को नई उड़ान देगा गंगा एक्सप्रेसवे: केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने जनपद को सौंपी बड़ी सौगात।

संवाददाता: शिवेंद्र यादव

बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को हरदोई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के माध्यम से मेरठ से प्रयागराज तक निर्मित 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर उसे राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जनपद बदायूं के घटपुरी बिनावर इंटरचेंज के समीप आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बदायूं के आर्थिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने रेखांकित किया कि जिस विकास के लिए बदायूं दशकों से प्रतीक्षारत था, उसे डबल इंजन की सरकार ने धरातल पर उतार कर दिखाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के लखपति दीदी अभियान की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अब 6 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों को आपस में जोड़ते हुए पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच की दूरी को न्यूनतम कर देगा। इससे न केवल दिल्ली और लखनऊ तक पहुंचना सुगम होगा, बल्कि व्यापार, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा रही है। कार्यक्रम के दौरान हरदोई में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे देख उपस्थित जनसमूह और जनप्रतिनिधि उत्साहित नजर आए।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम में कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बदायूं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। पूर्व में पिछड़ेपन का दंश झेलने वाला यह जनपद अब विकास के केंद्र में होगा। उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि जनपद में इस एक्सप्रेसवे के किनारे दो विशाल औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक घटपुरी बिनावर इंटरचेंज पर और दूसरा डहरपुर दातागंज के समीप स्थित होगा। इन औद्योगिक पार्कों में कारखाने स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अपार अवसर सृजित होंगे। विधान परिषद सदस्य वागिश पाठक और अन्य विधायकों ने भी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में अपनी पहचान बना चुका है, जिससे प्रदेश की जीडीपी में भी निरंतर वृद्धि हो रही है।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि बदायूं जनपद में एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई लगभग 92 किलोमीटर है, जो बिसौली, बिल्सी, बदायूं और दातागंज तहसीलों के 85 गांवों से होकर गुजरती है। जनपद में आवागमन की सुविधा के लिए तीन इंटरचेंज—वनकोटा (बिसौली), घटपुरी (बरेली रोड) और डहरपुर कलां (दातागंज रोड) बनाए गए हैं। साथ ही रामगंगा नदी पर निर्मित 720 मीटर लंबा सेतु इस परियोजना की प्रमुख विशेषता है। औद्योगिक गलियारों के लिए लगभग 408 हेक्टेयर भूमि पर कार्यवाही चल रही है, जो भविष्य में जनपद की तस्वीर बदल देगी। इस गरिमामयी कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!