Breaking News

शिक्षा से संवरेगा भविष्य: सहसवान मॉडल विलेज ट्रस्ट ने गाँवों में फूंकी जागरूकता की अलख।

शिक्षा से संवरेगा भविष्य: सहसवान मॉडल विलेज ट्रस्ट ने गाँवों में फूंकी जागरूकता की अलख।

सहसवान, बदायूं। ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत साक्षरता लाने और बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के लिए सहसवान मॉडल विलेज ट्रस्ट ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। ट्रस्ट की ओर से बसाोलिया, इस्माइलपुर और कुर्बानपुर गाँवों में विशेष शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसकी कमान विलेज कोऑर्डिनेटर अजमल हुसैन ने संभाली। इस अभियान के तहत ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने गाँवों के गली-कूचों और घर-घर जाकर अभिभावकों से सीधा संवाद किया।

उन्होंने लोगों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए इस बात पर जोर दिया कि बच्चों का स्कूल में नामांकन कराना क्यों आवश्यक है। विशेष रूप से उन बच्चों की पहचान कर उनके परिजनों को प्रेरित किया गया जिन्होंने किन्हीं कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को केवल दाखिले तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें प्रतिदिन स्कूल भेजें ताकि उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए।

जागरूकता के इस सफर को और प्रभावी बनाने के लिए गाँवों में रैलियों का भी आयोजन किया गया। ग्राम बसाोलिया में एम.जी. पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल नाहिद आलम अंसारी के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने जोश के साथ रैली निकालकर ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। इसी कड़ी में इस्माइलपुर और कुर्बानपुर के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश प्रसारित किया।

विलेज कोऑर्डिनेटर अजमल हुसैन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई ही वह कुंजी है जिससे आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल होगा और वे अच्छे कार्यों से गाँव का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक आदर्श गाँव या ‘मॉडल विलेज’ की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है जब गाँव का प्रत्येक बच्चा शिक्षित हो। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और सामूहिक भाईचारे को गाँव के विकास के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि जब ग्रामीण एकजुट होकर शिक्षा और विकास के कार्यों में सहयोग करेंगे, तभी गाँव आत्मनिर्भर बनेगा और देश प्रगति की ओर अग्रसर होगा।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!