Breaking News

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 300 किलो खराब गुणवत्ता का खोया कराया नष्ट।

78 हजार रुपये कीमत का खोया जब्त कर कराया गया नष्ट, मिठाई की दुकानों से लिए गए नमूने; दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान जारी।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिलेभर में अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, करीब 300 किलो खराब गुणवत्ता का खोया मौके पर ही नष्ट कराया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 विनीत कुमार के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विवेक वर्मा, सौरभ सोनी, अजीत सिंह, मानवेन्द्र कुमार और राकेश कुमार की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।

टीम ने अंजनी स्वीट्स, शुभम स्वीट्स, आर्य स्वीट हाउस, ओम स्वीट हाउस, ओम स्वीट कॉर्नर, आकाश स्वीट हाउस और राधा कृष्णा भंडार सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि खाद्य पदार्थों में रंगों का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा में ही करें।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरेली मोड़ चौराहे के पास गढ़िया रंगीन की ओर से आ रहे वाहन संख्या UP25ET4372 को रोककर जांच की। वाहन में बरेली खोया मंडी से लाया जा रहा खोया मिला। जांच के दौरान खोया खराब गुणवत्ता का पाया गया। इसके बाद टीम ने मौके पर ही लगभग 300 किलो खोया नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है।

अधिकारियों के अनुसार, खोये के चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों में हलचल मची हुई है।

Spread the love

Check Also

बदायूं में तीन युवतियां लापता, सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस ने मांगी आमजन से मदद।

दो अलग-अलग मामलों में 15, 16 और 20 वर्षीय युवतियों की तलाश जारी, सूचना देने …