Breaking News

162 करोड़ के बकाये पर किसानों की हुंकार, ज्ञापन लेने तहसील में नहीं मिला अधिकारी।

दो साल से गन्ना भुगतान का इंतजार कर रहे किसान, विधायक अताउर रहमान के नेतृत्व में उठी ब्याज समेत भुगतान और बंद केसर मिल को दोबारा चालू कराने की मांग।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बहेड़ी (बरेली)। केसर चीनी मिल पर किसानों के दो साल से बकाया 162 करोड़ रुपये के गन्ना भुगतान का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। बकाया भुगतान और बंद पड़ी केसर चीनी मिल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर शनिवार को सपा विधायक अताउर रहमान के नेतृत्व में किसानों ने आवाज बुलंद की। सपा कार्यालय पर आयोजित सभा में बड़ी संख्या में किसान और पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए विधायक और किसान तहसील पहुंचे, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। बताया गया कि अधिकारी दोपहर 3:30 बजे ही तहसील कार्यालय से जा चुके थे।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक अताउर रहमान ने कहा कि क्षेत्र के किसानों का दो वर्षों का करीब 162 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। भाजपा सरकार ने 14 दिन के भीतर गन्ना भुगतान कराने का वादा किया था, लेकिन बहेड़ी के किसान दो साल से अपनी मेहनत की कमाई के लिए भटक रहे हैं। भुगतान में देरी के चलते किसानों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह, खेती की जरूरतें और बैंक ऋण की अदायगी तक मुश्किल हो गई है। परिवार में किसी के बीमार होने पर इलाज कराना भी किसानों के लिए चुनौती बन गया है।

विधायक ने कहा कि केसर चीनी मिल बंद होने से क्षेत्र के किसानों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। मिल को दोबारा चालू कराना किसानों के हित के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद जरूरी है। किसानों को उनका हक दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से मांग की गई कि किसानों के दो वर्षों के बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए तथा बंद पड़ी केसर चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। हालांकि, तहसील पहुंचने पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिलने के कारण ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अधिकारियों के कार्यालय में नहीं मिलने को लेकर किसानों में नाराजगी भी देखने को मिली।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा खां, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वफाउर रहमान, नगर अध्यक्ष लईक चांदनी, नगर प्रभारी नसीम उर रहमान, जिला पंचायत सदस्य डॉ. ब्रह्म स्वरूप सागर, कमरुद्दीन सैफी, ठाकुर चंद्रपाल सिंह, अमित सिंह, चौधरी अनीत पाल सिंह, चौधरी सुरेंद्र सिंह, चौधरी विजय राठी, चौधरी सुखवीर सिंह, चौधरी पुष्पेंद्र सिंह, चौधरी गुड्डू सिंह, डॉ. प्रमोद शर्मा, शादाब खां, दानिश खां, पीर मोहम्मद, राजू मौर्य, सरदार सुखविंदर सिंह, सरदार सर्वदयाल सिंह, किसान नेता राकेश गंगवार, रामसिंह गुर्जर, देवदत्त पाल, चंद्रसेन मौर्य, राजेंद्र शर्मा, धर्मपाल सिंह, पंडित हरस्वरूप शर्मा, ताहिर रजा खां, लईक उस्मानी, तसलीम अंसारी, इमरान रजा, शेना खां, इकबाल अहमद, नजीब खां और वेद प्रकाश कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Spread the love

Check Also

भाकियू टिकैत में आमिर बाबा की घर वापसी, प्रदेश कार्यालय अध्यक्ष की मिली जिम्मेदारी।

प्रदेश सचिव दानिश बाबा ने कराई संगठन में वापसी, किसान हितों की लड़ाई को मजबूती …