Breaking News

सकलडीहा तहसील में जनसमस्याओं पर मंथन: जिलाधिकारी और एसपी ने सुनीं फरियादें, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण।

सकलडीहा तहसील में जनसमस्याओं पर मंथन: जिलाधिकारी और एसपी ने सुनीं फरियादें, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण।

संवाददाता, शैलेश सिंह 

चंदौली। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सकलडीहा के सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए।

समाधान दिवस में मुख्य रूप से राजस्व, विकास खंड, सिंचाई, विद्युत और पुलिस विभाग से संबंधित कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को सक्रिय करते हुए 10 शिकायतों का तुरंत निस्तारण कराया। शेष बचे प्रार्थना पत्रों के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक निश्चित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक शिकायत की ट्रैकिंग की जा रही है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनहित की योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन और निराश्रित पेंशन जैसी लाभार्थी परक योजनाओं से पात्रों को तत्काल जोड़ा जाए। इसके साथ ही निर्विवाद वरासत के मामलों को लंबित न रखने के निर्देश दिए गए। शिविर में पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार और खण्ड विकास अधिकारी सहित जिले के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने दावा किया कि पहले की तुलना में शिकायतों के निस्तारण की दर में काफी सुधार हुआ है और इसे और बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …