Breaking News

बरहनी पीएचसी के संविदा कर्मियों को दो माह से नहीं मिला मानदेय, त्योहार से पहले भुगतान की मांग तेज।

बरहनी पीएचसी के संविदा कर्मियों को दो माह से नहीं मिला मानदेय, त्योहार से पहले भुगतान की मांग तेज।

घूरेलाल कन्नौजिया, ब्यूरो चीफ चन्दौली 

चंदौली। जिले के बरहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर तैनात संविदा स्वास्थ्यकर्मी पिछले दो माह से मानदेय न मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि कर्मचारियों को अब घर-परिवार चलाने के लिए कर्ज का सहारा लेना पड़ रहा है।

पीएचसी पर कार्यरत चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एएनएम, बीपीएम, काउंसलर, एसटीएस समेत कुल 21 संविदा स्वास्थ्यकर्मी हैं। उनका कहना है कि मानदेय का भुगतान न होने से राशन, मकान का किराया, बिजली-पानी का बिल और बच्चों की पढ़ाई जैसी बुनियादी ज़रूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।

संविदा स्वास्थ्यकर्मी संघ की जिलाध्यक्ष डॉ. कुसुम ने कहा कि मानदेय समय पर न मिलने से कर्मचारियों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। “हमें बच्चों की फीस और घर का किराया तक उधार लेकर चुकाना पड़ रहा है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग को तुरंत इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए।”

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन और कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि संविदा कर्मियों का बकाया मानदेय शीघ्र जारी किया जाएगा और भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

तेज प्रताप भारतीय, डॉ. एस.पी. त्यागी, डॉ. ऋषि यादव, रोशन अली, आनंद और नंदलाल सहित अन्य संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने भी जल्द मानदेय भुगतान की मांग उठाई है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए।

Spread the love

Check Also

चार दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम।

बहेड़ी बाईपास पर डीलक्स शमा के पीछे तालाब में मिला 21 वर्षीय सुहेल का शव, …