Breaking News

बदायूं में नेग के विवाद में खूनी संघर्ष: ₹11000 न मिलने पर किन्नरों ने की फायरिंग, बारात में मची भगदड़।

बदायूं में नेग के विवाद में खूनी संघर्ष: ₹11000 न मिलने पर किन्नरों ने की फायरिंग, बारात में मची भगदड़।

संवाददाता: शिवेंद्र यादव

कुंवरगांव (बदायूं)। उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के थाना कुंवरगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव हुसैनपुर में बुधवार की रात खुशियों का माहौल उस समय दहशत में बदल गया, जब नेग की रकम को लेकर हुए विवाद में किन्नरों ने कथित तौर पर फायरिंग और पथराव कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुसैनपुर निवासी प्रेम शंकर मौर्य की पुत्री की शादी थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव कथरा निवासी नेमचंद्र के पुत्र से हो रही थी। बुधवार देर रात तक शादी की अधिकांश रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हो चुकी थीं, लेकिन गुरुवार सुबह तड़के जब भांवरों की रस्म शुरू होने वाली थी, तभी एक चार पहिया वाहन में सवार होकर आधा दर्जन किन्नर बारात स्थल पर आ धमके।

किन्नरों ने दूल्हा पक्ष से 11 हजार रुपये के नेग की मांग की, जिस पर दूल्हे के पिता ने उन्हें 1100 रुपये देने की कोशिश की। नेग की इस छोटी राशि को देखकर किन्नर भड़क गए और मौके पर ही तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर किन्नरों ने अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं, जिसका बारातियों ने विरोध किया। देखते ही देखते मामला इतना तूल पकड़ गया कि किन्नरों ने अपनी गाड़ी से तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी और जमकर पथराव किया। इस अचानक हुए हमले से बारात स्थल पर भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी के माहौल में कथरा निवासी बाराती गौरव पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

फायरिंग और हंगामे की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और साहस दिखाते हुए किन्नरों को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। पुलिस द्वारा की गई किन्नरों की गाड़ी की तलाशी में अवैध तमंचा, कारतूस, लाठी-डंडे और कैंची जैसे धारदार हथियार बरामद हुए हैं।

जब पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगी, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर जमकर हंगामा किया और उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। पुलिस के काफी समझाने और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौके से असलहा बरामद कर आधा दर्जन किन्नरों को हिरासत में लिया गया है, तहरीर मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!