Breaking News

बिसौली: एसबीआई कृषि शाखा ने आयोजित किया ‘आधुनिक कृषि ग्राहक सम्मेलन’, किसानों को ऋण और तकनीक से समृद्ध बनाने पर जोर।

बिसौली: एसबीआई कृषि शाखा ने आयोजित किया ‘आधुनिक कृषि ग्राहक सम्मेलन’, किसानों को ऋण और तकनीक से समृद्ध बनाने पर जोर।

आई एम खान 

बिसौली। स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) कृषि शाखा द्वारा ‘एसबीआई आधुनिक कृषि ग्राहक सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में किसानों और कृषि उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार सुरेंद्र कुमार और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मेलन के दौरान तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने किसानों को भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड के लाभों के बारे में विस्तार से समझाया। वहीं, कृषि विभाग के प्रक्षेत्र अधीक्षक अनिल कुमार ने उपस्थित किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत खेती के लिए आवश्यक नए कृषि उपकरणों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

बैंक की थीम ‘कस्टमर फर्स्ट-बी द बैंक ऑफ चॉइस’ और ‘कृषि से समृद्धि’ के उद्देश्य पर केंद्रित इस कार्यक्रम में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय दोगुनी करने के उपायों पर चर्चा की गई। इस दौरान बैंक द्वारा नियमित रूप से किसान क्रेडिट कार्ड नवीनीकरण कराने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।

बैंक के ऋण अधिकारी मोहम्मद वसीम अकरम ने किसानों को बैंक की विविध कृषि ऋण योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं के बारे में जागरूक किया। साथ ही, एस.एम.ई. प्रबंधक राहुल सिंह ने कृषि उद्यमियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की जानकारी देते हुए उन्हें कृषि आधारित नए उद्यम स्थापित करने और मौजूदा कारोबार के विस्तार के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एक खुला सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें किसानों और बैंक अधिकारियों के बीच सीधा संवाद हुआ। किसानों ने अपनी समस्याओं को रखा, जिस पर बैंक प्रबंधन ने समाधान का आश्वासन दिया। अंत में मुख्य प्रबंधक प्रशांत कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और किसानों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम जारी रखने का भरोसा दिलाया।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!