Breaking News

बिसौली: नगर पंचायत सैदपुर में जनगणना 2027 का बिगुल: प्रगणकों और सुपरवाइजरों को मिला प्रशिक्षण।

नगर पंचायत सैदपुर में जनगणना 2027 का बिगुल: प्रगणकों और सुपरवाइजरों को मिला प्रशिक्षण।

आई एम खान 

बिसौली। आगामी जनगणना 2027 को त्रुटिहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत सैदपुर में तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। अप्रैल माह के अंत तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन उपस्थित कार्मिकों को जनगणना की बारीकियों, तकनीकी प्रबंधन और डेटा की शुद्धता बनाए रखने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी त्रिवेंद्र कुमार ने कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण के दौरान बताई गई हर तकनीकी जानकारी को गंभीरता से समझें ताकि फील्ड में कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सटीक आंकड़ों के संकलन पर ही भविष्य की सरकारी योजनाएं और विकास कार्य निर्भर करते हैं, इसलिए इसमें पारदर्शिता और शुद्धता अनिवार्य है।

तकनीकी सत्र के दौरान जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर हरदीप सिंह और अमित पाराशरी ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कार्मिकों को एचएलओ एप के माध्यम से डेटा संग्रह करने, भवनों के क्रमांकन एवं चिन्हांकन की विधि के साथ-साथ ‘स्वगणना’ जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय के समस्त स्टाफ सहित कुल 37 प्रगणक और सुपरवाइजर मौजूद रहे, जिन्हें डिजिटल माध्यम से जनगणना करने की प्रक्रिया में दक्ष किया गया।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!