Breaking News

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं: बेटी के बर्थडे पर ससुराल जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, साथी गंभीर।

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं: बेटी के बर्थडे पर ससुराल जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, साथी गंभीर।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के अंतर्गत कादरगंज मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को गमगीन कर दिया। अपनी बड़ी बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने ससुराल जा रहे एक युवक की बाइक को तेज रफ्तार ईको कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक नादिरा सुल्तान ने मौके पर पहुँचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिढ़पुरा के ग्राम लखनपुर निवासी 26 वर्षीय देवेंद्र पुत्र रामनिवास अपने मित्र विमल निवासी नगला जोरी (बदायूं) के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार को देवेंद्र की बड़ी बेटी तान्या का छठा जन्मदिन था और इसी खुशी को मनाने के लिए वह ससुराल जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जधई गांव के पास पहुँची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित ईको कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि विमल को गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल विमल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। देवेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आठ वर्ष पूर्व विवाह बंधन में बंधे देवेंद्र की दो मासूम बेटियाँ हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ईको चालक की तलाश शुरू कर दी है। विधायक नादिरा सुल्तान ने इस दुखद घड़ी में परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!