Breaking News

सदर विधायक पंकज गुप्ता की बड़ी पहल, ट्रांस गंगा सिटी पावर हाउस से जुड़े दर्जनों गांव, बिजली और किसान समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान।

सदर विधायक पंकज गुप्ता की बड़ी पहल, ट्रांस गंगा सिटी पावर हाउस से जुड़े दर्जनों गांव, बिजली और किसान समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान।

संवाददाता, सनोज कुमार 

उन्नाव। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले करीब दो महीनों से चली आ रही बिजली की गंभीर समस्या और भीषण गर्मी के संकट को देखते हुए उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता ने एक बड़ा कदम उठाया है। ग्रामीणों को इस तपती गर्मी में राहत दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को सदर विधायक ने खुद ट्रांस गंगा सिटी पहुंचकर फीडर और सब-स्टेशन का गहन निरीक्षण किया।

मौके पर मौजूद बिजली विभाग के जेई आशीष गुप्ता और अन्य उच्चाधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए विधायक ने कहा कि आज ही के दिन से इन ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति को सीधे ट्रांस गंगा सिटी के नए पावर हाउस से जोड़कर सुचारू रूप से शुरू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भी दी कि इस कार्य में यदि कोई भी तकनीकी समस्या आती है, तो उन्हें तुरंत सूचित किया जाए ताकि उसका फौरन निपटारा हो सके।

सदर विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि अब तक इन ग्रामीण क्षेत्रों को ऐरा भदियार फीडर से बिजली की सप्लाई दी जा रही थी। लाइन की दूरी बहुत अधिक होने के कारण इस क्षेत्र में आए दिन बड़े फाल्ट होते रहते थे, जिसके चलते बार-बार अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण बुरी तरह परेशान थे। इस भयंकर गर्मी में सुचारू बिजली न मिलने से त्रस्त ग्रामीणों ने जब विधायक से शिकायत की, तो उन्होंने मामले को तुरंत संज्ञान में लिया। विधायक ने यह भी साझा किया कि उन्होंने विद्युत विभाग को अपनी निधि से पाँच करोड़ रुपये आवंटित किए हैं ताकि किसी भी गली, मोहल्ले या घर में बिजली का संकट न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुनियादी सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के बाद, मौके पर मौजूद ग्रामीण किसानों की मांग और उनकी समस्याओं को देखते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता तुरंत यूपीसीडा के साइड ऑफिस पहुंचे। वहाँ उन्होंने उन किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जिन्हें अब तक पुनर्वास का पचास हजार रुपये का मुआवजा नहीं मिला है और जिन्हें निशुल्क विकसित प्लॉट आवंटित होने हैं। विधायक ने यूपीसीडा के उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य में कोई भी हिला-हवाली नहीं चलेगी।

उन्होंने जल्द से जल्द विशेष कैंप लगाकर प्रभावित किसानों को उनके प्लॉट और मुआवजे की राशि वितरित करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष लोधी, मंडल अध्यक्ष सर्वेश लोधी, प्रधान रतिभान, प्रधान अखिलेश, ब्रजेश सिंह, किसान नेता हीरेन्द्र निगम, किसान नेता सनोज यादव, रानू मिश्र, गोलू त्रिवेदी, पिंकू तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!