Breaking News

बमनपुरा में गंदगी और जलभराव का बोलबाला: सफाई व्यवस्था ध्वस्त, ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ खोला मोर्चा।

बमनपुरा में गंदगी और जलभराव का बोलबाला: सफाई व्यवस्था ध्वस्त, ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ खोला मोर्चा।

संवाददाता, शिवेन्द्र यादव 

म्याऊं (बदायूं)। जनपद के विकास खंड म्याऊं अंतर्गत ग्राम बमनपुरा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। गांव की मुख्य गलियों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक गंदगी और जलभराव की स्थिति ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। इस बदहाली को लेकर ग्रामीणों में ग्राम पंचायत प्रशासन के विरुद्ध भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर सफाई व्यवस्था की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य रास्तों और नदी के किनारे लंबे समय से झाड़ू नहीं लगी है, जिसके चलते वहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति गांव के स्कूल के पास की है, जहाँ फैली गंदगी और सड़कों पर जमा गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद प्रधान द्वारा नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। गंदगी और दुर्गंध के कारण बुजुर्गों और बच्चों का घर से निकलना दूभर हो गया है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बमनपुरा की सफाई व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में विशेष सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या को दूर नहीं किया गया, तो वे सामूहिक रूप से उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रदर्शन कर शिकायत दर्ज कराएंगे। फिलहाल, गांव की यह तस्वीर स्वच्छ भारत मिशन के दावों पर भी गंभीर सवालिया निशान लगा रही है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!