Breaking News

पंचकोसी परिक्रमा से पहले डीएम–एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु दिए सख्त निर्देश।

पंचकोसी परिक्रमा से पहले डीएम–एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु दिए सख्त निर्देश।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को सोरों मार्गशीर्ष मेला एवं होने वाली पंचकोसी परिक्रमा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग, मेला ग्राउंड एवं प्रमुख स्थलों पर पहुँचकर व्यवस्थाओं की गहराई से समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परिक्रमा में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, शौचालयों की व्यवस्था, चेंजिंग रूम, साधु कैंप, खोया–पाया केंद्र, संकेतक बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, हाई मास्ट लाइटें, चिकित्सा कैंप तथा गोताखोरों की तैनाती पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि 29 नवंबर को आयोजित होने वाले मार्गशीर्ष मेला और पंचकोसी परिक्रमा में लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। सुरक्षा हेतु पुलिस एवं PAC की बड़ी संख्या में तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस की अलग से तैनाती रहेगी। मेला क्षेत्र को 8 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा तथा चारों दिशाओं में चार पार्किंग ज़ोन बनाए जाएंगे। साथ ही, 4 फायर सर्विस वाहनों की तैनाती भी रहेगी।

जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग के गड्ढों को तत्काल ठीक कराने, प्रकाश व्यवस्था सुधारने और एंबुलेंस की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि परिक्रमा मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

मेला कोतवाली में एक सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिससे पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका चेयरमैन रामेश्वर दयाल मेहरे, उपजिलाधिकारी संजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी कासगंज आंचल चौहान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सोरों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!