Breaking News

बलरामपुर: यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, आईएसआई का स्लीपर सेल गिरफ्तार; राजस्थान से हथियार लाने की थी साजिश।

बलरामपुर: यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, आईएसआई का स्लीपर सेल गिरफ्तार; राजस्थान से हथियार लाने की थी साजिश।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी 

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (UP ATS) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए बलरामपुर जिले से आईएसआई के एक संदिग्ध स्लीपर सेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के इशारे पर भारत-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त था और देश में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

यूपी एटीएस को खुफिया इनपुट मिला था कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट का आतंकी नेटवर्क भारतीय युवाओं को पैसों का प्रलोभन देकर अपने पाले में कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एटीएस ने 19 जुलाई 2026 को बलरामपुर के गैसड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जमधरा से 29 वर्षीय शहरोज अहमद को दबोच लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पाकिस्तानी एजेंट जसवीर चौधरी ने अक्टूबर 2025 में फेसबुक पर ‘जिगर वाले शूटरों’ की मांग करते हुए एक भड़काऊ पोस्ट शेयर की थी। शहरोज ने उस पोस्ट पर कमेंट करते हुए खुद को सबसे ‘जिगरवाला’ बताया था, जिसके बाद से वह उनके संपर्क में आ गया। जांच एजेंसियों से बचने के लिए आरोपी व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए लगातार हैंडलर्स के संपर्क में था। एजेंट उसे अन्य स्थानीय युवाओं को भी इस देश-विरोधी नेटवर्क में जोड़ने के लिए उकसा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी शहरोज मूल रूप से मुंबई में रहता था, लेकिन पाकिस्तानी एजेंट जसवीर के निर्देश पर ही वह घटना से दो दिन पहले अपने पैतृक गांव लौटा था। उसे राजस्थान के श्रीगंगानगर जाकर वहां से अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री लाने का खतरनाक टास्क सौंपा गया था। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए हैंडलर्स द्वारा शहरोज के बैंक खाते में 5000 रुपये की रकम भी ट्रांसफर की गई थी।

एटीएस ने आरोपी के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं। यूपी एटीएस के लखनऊ थाने में अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 148, 152 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एटीएस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी, जिसके बाद पूछताछ में इस पाकिस्तानी स्लीपर सेल से जुड़े कई अन्य अहम राज बेनकाब होने की संभावना है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह, जुटे सैकड़ों व्यवसायी।

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण …

error: Content is protected !!