Breaking News

बदायूँ: सर्व समाज ने राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप को किया नमन, शौर्य दिवस के रूप में मनाई गई जयंती।

बदायूँ: सर्व समाज ने राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप को किया नमन, शौर्य दिवस के रूप में मनाई गई जयंती।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह

बदायूँ। जनपद में महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट एवं क्षत्रिय महासभा के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय शौर्य दिवस के अवसर पर महाराणा प्रताप जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप चौक पर पुष्पों से सुसज्जित प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ, जहाँ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने राष्ट्रनायक के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस उपलक्ष्य में शहर में गाजे-बाजे और डीजे के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें जन-जन की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। राहगीरों के लिए जगह-जगह लस्सी और ठंडे पानी के स्टॉल लगाकर सेवा भाव का प्रदर्शन किया गया। पूरे जनपद में सैकड़ों स्थानों पर शोभा यात्राओं के जरिए महाराणा प्रताप के शौर्य को याद किया गया।

प्रतिमा पूजन के उपरांत स्काउट भवन में जिला संयोजक मुनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन हुआ, जहाँ उपस्थित लोगों का हल्दीघाटी की पावन माटी से तिलक कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया, जिसमें ध्रुव देव गुप्ता को ‘भामाशाह सम्मान 2026’ और जहीर अहमद को ‘हाकिम खां सूरी सम्मान 2026’ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कवियों द्वारा ओजपूर्ण काव्यपाठ ने राष्ट्रभक्ति का संचार किया। वक्ताओं ने भारत सरकार से 9 मई को ‘अंतर्राष्ट्रीय शौर्य दिवस’ घोषित करने तथा क्षत्रिय समाज के आर्थिक व शैक्षिक उन्नयन हेतु विशेष कल्याणकारी योजनाएं बनाने की भी मांग की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप एक सच्चे राष्ट्रभक्त और महान योद्धा थे, जिन्हें किसी जाति की सीमा में नहीं बांधा जा सकता।

पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने आह्वान किया कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर देश और धर्म की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। वहीं ब्लॉक प्रमुख गुड्डो देवी ने उनके प्रकृति प्रेमी और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाले व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। ट्रस्ट के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप भारत माता के सच्चे सपूत थे जिन पर पूरे विश्व को गर्व है। इस भव्य आयोजन में विधायक हरीश शाक्य, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, मुनीश कुमार सिंह, विपिन कुमार सिंह एडवोकेट सहित विभिन्न सभाओं के पदाधिकारी व भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन भूराज सिंह ने किया और अंत में जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!