Breaking News

बदायूं: मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया कांवड़ यात्रा मार्ग का औचक निरीक्षण, कांवड़ियों को वितरित किया प्रसाद।

बदायूं: मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया कांवड़ यात्रा मार्ग का औचक निरीक्षण, कांवड़ियों को वितरित किया प्रसाद।

बदायूं: श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को बरेली मंडलायुक्त शंभु कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने बदायूं पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मार्ग में मौजूद कांवड़ियों को फल और प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंधों और गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य सभी जरूरी इंतजाम हर समय सुचारु रहने चाहिए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी सुनिश्चित की जाए। स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना से बचने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता और यातायात संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन के तय मानकों के अनुसार ही हो, और नियमों के उल्लंघन या अतिक्रमण पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

सुरक्षा को और अधिक चाक-चौबंद बनाने के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। इस निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के तमाम प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …