Breaking News

कासगंज: सात साल से फरार आरोपी जीआरपी के हत्थे चढ़ा, पहचान बदलकर दिल्ली में रह रहा था।

सात साल से फरार आरोपी जीआरपी के हत्थे चढ़ा, पहचान बदलकर दिल्ली में रह रहा था।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। कासगंज जीआरपी पुलिस ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की वारदातों से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब सात वर्षों से फरार चल रहा था और पहचान बदलकर दिल्ली में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाथरस जनपद के दमदपुरा निवासी रतन उर्फ रतना उर्फ कुलदीप के रूप में हुई है। वह रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

जीआरपी के मुताबिक आरोपी ने फरारी के दौरान आधार कार्ड में अपना नाम बदलवाकर कुलदीप कर लिया था। इसी बदली हुई पहचान के आधार पर वह पुलिस से बचने के लिए दिल्ली में रह रहा था। चोरी से जुड़े मामलों में न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ वारंट भी जारी किए गए थे।

पुलिस टीम ने आरोपी को कासगंज रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास से गिरफ्तार किया। जीआरपी का कहना है कि लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और उसकी पहचान की पुष्टि के बाद उसे हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों और उसके पुराने रिकॉर्ड के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Spread the love

Check Also

बिसौली: सेडोला में दौड़ प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम।

सेडोला में दौड़ प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम। आई एम खान  बिसौली। विधानसभा क्षेत्र के …