Breaking News

गंजडुंडवारा: तीसरे दिन भी मासूम नवजुल का नहीं मिला सुराग, नाले के आसपास जारी रही तलाश।

तीसरे दिन भी मासूम नवजुल का नहीं मिला सुराग, नाले के आसपास जारी रही तलाश।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। चार वर्षीय नवजुल के लापता होने के मामले में शुक्रवार को तीसरे दिन भी पुलिस और अन्य टीमों का खोज अभियान जारी रहा। बच्चे के घर नहीं लौटने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी बीच नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने घटनास्थल पहुंचकर तलाश अभियान की स्थिति देखी और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पूरब थोक निवासी चांद मियां का चार वर्षीय बेटा नवजुल 29 जुलाई की दोपहर घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। आसपास के लोगों के मुताबिक बच्चे को आखिरी बार मोहल्ले के पास नाले की पुलिया के आसपास देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया।

बच्चे की तलाश में स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी, सर्विलांस टीम और डॉग स्क्वायड को लगाया गया है। बीते दो दिनों में नाले की जेसीबी से सफाई कराकर भी तलाशी ली गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच भी की जा रही है।

शुक्रवार को मोहम्मद नासिर ने मौके पर पहुंचकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद बच्चे के परिजनों से बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से तलाश में पूरा सहयोग किया जा रहा है। संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर अभियान चलाने की बात भी कही गई।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने नाले की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। नागरिकों ने बताया कि खुले नाले के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने नाले के किनारे सुरक्षा रेलिंग लगाने अथवा ऊपर मजबूत लोहे का जाल डालने की मांग की। प्रभारी ईओ ने संबंधित अधिकारियों को स्थल की स्थिति के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मौके पर नगर पालिका के लेखाकार श्रीकांत शर्मा, स्वच्छता प्रभारी तसलीम अहमद, गंगा प्रसाद शाक्य सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

उधर, नवजुल की तलाश में पुलिस का अभियान जारी है। मासूम के लापता होने के बाद से परिवार और मोहल्ले के लोगों में चिंता का माहौल है। परिजन बच्चे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक नवजुल का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

Spread the love

Check Also

बरेली: कांवड़ियों की सुविधा को लेकर बीडीए ने कसी कमर, मार्गों पर होंगे विशेष इंतजाम।

कांवड़ियों की सुविधा को लेकर बीडीए ने कसी कमर, मार्गों पर होंगे विशेष इंतजाम। संवाददाता, …

error: Content is protected !!