Breaking News

बिसौली में बिजली कटौती से हाहाकार, दिनभर गुल रही आपूर्ति।

बिसौली में बिजली कटौती से हाहाकार, दिनभर गुल रही आपूर्ति।

आई एम खान 

बिसौली। भीषण गर्मी के बीच नगर में लगातार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। रविवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे बंद हुई विद्युत आपूर्ति देर शाम तक सुचारु नहीं हो सकी। उमस और गर्मी के कारण उपभोक्ताओं को दिनभर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बिजली जाने के बाद उपभोक्ताओं ने क्षेत्रीय जेई से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पर जवाब नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी दिखाई दी। इसके बाद उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी शिकायतें और सवाल दर्ज कराने शुरू कर दिए। लोगों को उम्मीद थी कि कुछ ही देर में आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी बिजली नहीं आई।

शाम करीब पांच बजे एसडीओ विकास राजपूत की ओर से ग्रुप में सूचना दी गई कि 33 केवी सप्लाई होल्ड होने के कारण समस्या आई है और सभी फीडरों को चालू कराया जा रहा है। इसके बाद आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

दिनभर बिजली न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं ने बिना पूर्व सूचना के लंबे समय तक आपूर्ति बंद रखने पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बनाए गए सूचना ग्रुपों की नियमित निगरानी नहीं हो रही है। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कई बार समय पर बिजली आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट नहीं की जाती।

उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या की जानकारी लेने के लिए उन्हें अधिशासी अभियंता और अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारियों से संपर्क करना पड़ता है। इसके बाद ही क्षेत्रीय जेई या एसडीओ द्वारा उनसे संपर्क कर समस्या की जानकारी दी जाती है। लोगों ने बिजली विभाग के सूचना ग्रुपों की नियमित मॉनिटरिंग कराने और बिजली कटौती की स्थिति में उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी देने की मांग की है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

सहसवान: लंबे समय तक पेट की परेशानी को न करें नजरअंदाज, हो सकती है क्रॉनिक कोलाइटिस: डॉ. अमोल गुप्ता।

लंबे समय तक पेट की परेशानी को न करें नजरअंदाज, हो सकती है क्रॉनिक कोलाइटिस: …