Breaking News

बदायूं: सालारपुर में ‘स्कूल चलो अभियान-2’ का भव्य आयोजन, विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बीएसए रहे मौजूद।

बदायूं: सालारपुर में ‘स्कूल चलो अभियान-2’ का भव्य आयोजन, विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बीएसए रहे मौजूद।

बदायूं। विकासखंड सालारपुर के संविलित विद्यालय सादुल्लापुर भितारा में ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान-2’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता रहे, जबकि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नवीन कुमार अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी सालारपुर सुनील कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी उझानी प्रशांत कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुई, जिसके बाद अतिथियों का हस्तनिर्मित बैज पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका का मंचन कर उपस्थित सभी लोगों की खूब सराहना बटोरी।

इस अवसर पर बीएसए नवीन कुमार और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार के ठोस प्रयासों से आज सरकारी विद्यालयों का शैक्षिक और भौतिक वातावरण लगातार बेहतर हो रहा है। इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए सरकारी स्कूलों में जरूर भेजना चाहिए।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर ‘स्कूल चलो अभियान रैली’ को गांव के लिए रवाना किया। इसके पश्चात ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में बीएसए नवीन कुमार के साथ मिलकर वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, सह जिला संयोजक एवं ब्लॉक सालारपुर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, एआरपी शुभम वशिष्ठ, ब्लॉक पदाधिकारी युयुत्स जयंत, निशांत शर्मा, आयुषी पाराशरी, प्रशांत वर्मा, ग्राम प्रधान अशोक, एसएमसी अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामवासी मौजूद रहे।

विद्यालय परिवार से रिंकी हरवंश, मंजू रानी, अंशु भाटी, जयवीर सिंह, नेहा, रुचि शर्मा, निशा सिंह, कुसुम, मीना और आर्येंद्र समेत समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन आयुषी पाराशरी ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं जिला सह संयोजक प्रदीप गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह, जुटे सैकड़ों व्यवसायी।

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण …

error: Content is protected !!