Breaking News

शाहजहांपुर: कांवड़ यात्रा-2026: तैयारियां 25 जुलाई तक पूरी करने के डीएम ने दिए सख्त निर्देश।

कांवड़ यात्रा-2026: तैयारियां 25 जुलाई तक पूरी करने के डीएम ने दिए सख्त निर्देश।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग से जुड़े सभी कार्य 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को कांवड़ मार्ग पर ढीले तारों को कसने, खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित करने और बिजली के पोलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा के दौरान अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर जैसे प्रमुख स्थानों पर कांवड़ शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहाँ विश्राम, बैठने की व्यवस्था और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

नगर निकायों को निर्देशित किया गया है कि वे यात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाएं और कूड़े का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर के अंतराल पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर और चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, मार्गों पर तुलसी के पौधे लगाने और पीने के पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए आयुर्वेदिक और एलोपैथिक चिकित्सा शिविर लगाने और एंबुलेंस की तैनाती करने को कहा गया है। खाद्य सुरक्षा को लेकर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेश दिया कि यात्रा मार्ग पर स्थित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही, दुकानदारों के लिए पहचान पत्र रखना और दुकान पर नाम का स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य कर दिया गया है।

लोक निर्माण विभाग को सड़क के किनारे पेड़ों की छंटाई कर मार्ग को सुगम बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, एएसपी (नगर) देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!