Breaking News

लखीमपुर खीरी: स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और गति लाने के लिए डीएम ने दिए कड़े निर्देश।

लखीमपुर खीरी: स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और गति लाने के लिए डीएम ने दिए कड़े निर्देश।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। जिले की स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति और जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को लीडरशिप की भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कर उनकी दैनिक मॉनिटरिंग की जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ चिकित्सकों का व्यवहार बेहतर होना चाहिए। इसके साथ ही, पोर्टल पर डेटा फीडिंग को अपडेट रखने और डेटा ऑपरेटरों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संस्थागत प्रसव की प्रॉपर रिपोर्टिंग और आशा संगिनियों के नियमित भुगतान पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में आयुष्मान गोल्डन कार्ड, ओपीडी प्रगति, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना और विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। जन्म-मृत्यु पंजीकरण से लेकर टीबी और कुष्ठ उन्मूलन जैसे कार्यक्रमों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

जनपद में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ और 11 से 31 जुलाई तक ‘दस्तक अभियान’ चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि वेक्टर जनित रोगों और दिमागी बुखार पर नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस महाअभियान की शुरुआत बुधवार को जागरूकता रैली के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला पोषण समिति की बैठक में 1 जुलाई से शुरू हो रहे ‘संभव अभियान 6.0’ की तैयारियों पर मंथन किया गया। डीपीओ ने बताया कि यह अभियान गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा थीम पर आधारित है। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित संस्थाओं को कार्य में तेजी लाकर समय से निर्माण पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. वाणी गुप्ता, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीसी मनरेगा अमित कुमार परिहार, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, डीपीएम अनिल यादव, डीपीओ भारत प्रसाद समेत सभी एमओआईसी और सीडीपीओ उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!