Breaking News

उझानी: गन्ने के खेत में सिंचाई कर रहे दो सगे भाइयों पर सियारों का जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल।

उझानी: गन्ने के खेत में सिंचाई कर रहे दो सगे भाइयों पर सियारों का जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल।

उझानी, बदायूं। जिले के उझानी थाना क्षेत्र के सराय स्वाले गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गन्ने के खेत में पानी लगा रहे दो सगे भाइयों पर दो सियारों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह लाठी-डंडों से सियारों को खदेड़कर दोनों भाइयों की जान बचाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 57 वर्षीय नेकसू और उनके 50 वर्षीय छोटे भाई सूरजपाल अपने गन्ने के खेत में सिंचाई कर रहे थे। खेत में मौजूद सघन गन्ने के बीच घात लगाए बैठे दो सियारों ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। दोनों भाइयों ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के भारी विरोध और शोर-शराबे के बाद सियार वहां से भाग निकले।

हमले के दौरान दोनों भाइयों के हाथ, पैर और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर गंभीर जख्म आए हैं। लहूलुहान अवस्था में उन्हें तुरंत कछला पीएचसी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने मरहम-पट्टी के बाद उन्हें हायर सेंटर यानी राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण अकेले खेतों पर जाने से डर रहे हैं।

पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में वन विभाग की टीम से गश्त बढ़ाने और आतंक का पर्याय बने इन जंगली जानवरों को तत्काल पकड़ने की मांग की है। घटना ने किसानों की सुरक्षा पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है, क्योंकि सिंचाई के लिए उन्हें अक्सर खेतों में अकेले जाना पड़ता है।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: बुआ के घर पीलीभीत जाने निकली दो नाबालिग युवतियां सकुशल बरामद, पुलिस ने 18 घंटे में सुलझाई गुत्थी।

शाहजहाँपुर: बुआ के घर पीलीभीत जाने निकली दो नाबालिग युवतियां सकुशल बरामद, पुलिस ने 18 …

error: Content is protected !!