Breaking News

बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट: डीएम ने कलेक्ट्रेट में की उच्चस्तरीय समीक्षा, ट्रैक्टर-जेसीबी और बचाव उपकरणों के सत्यापन के निर्देश।

बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट: डीएम ने कलेक्ट्रेट में की उच्चस्तरीय समीक्षा, ट्रैक्टर-जेसीबी और बचाव उपकरणों के सत्यापन के निर्देश।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। मानसून के दस्तक देने और बाढ़ की आशंकाओं के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ से बचाव एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित तहसीलों जैसे सदर, तिलहर, जलालाबाद और कलान में आपदा से निपटने के लिए संसाधनों का सत्यापन अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में चिह्नित किए गए ट्रैक्टर, जेसीबी और क्रेन के स्वामियों के साथ अभी से समन्वय स्थापित कर लिया जाए, ताकि आपात स्थिति उत्पन्न होने पर बिना देरी के इनका उपयोग किया जा सके। लाइफ जैकेट, सर्च लाइट और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।

बैठक के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। विशेष रूप से जलालाबाद और कलान क्षेत्रों में नाव संचालन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि बिना लाइफ जैकेट नावों का संचालन किया गया, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को तुरंत अतिरिक्त उपकरण खरीदकर प्रभावित इलाकों में भेजने के निर्देश भी दिए हैं।

बाढ़ के दौरान पशुधन की सुरक्षा के लिए डीएम ने गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत लगाने और पहुंच मार्गों के उच्चीकरण के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि प्रशासन का लक्ष्य ‘जीरो कैजुअल्टी’ (जनहानि शून्य) रखना है। जलभराव वाले इलाकों में आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की अस्थायी चौकियां स्थापित की जाएंगी। अंत में उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर बाढ़ पूर्व तैयारियों को पूरी तरह चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!