Breaking News

सहसवान के मुख्य बाजार में बन रही पुलिया का ईओ डॉ. राजेश कुमार ने किया औचक निरीक्षण।

घटिया निर्माण सामग्री बर्दाश्त नहीं, ठेकेदार को गुणवत्ता और मजबूती के साथ काम पूरा करने की दी हिदायत।

सहसवान (बदायूं)। सहसवान नगर के मुख्य बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के समीप और रोडवेज बस स्टैंड के ठीक सामने से गुजरने वाले मुख्य नाले पर पुलिया निर्माण का कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। वर्षों पुरानी इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा इस पुलिया का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

इसी निर्माण कार्य की वास्तविकता और पारदर्शिता को परखने के लिए मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) डॉ. राजेश कुमार ने पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माणधीन पुलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हो रहे कार्यों का बारीकी से मौका मुआयना किया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं को परखा।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता को लेकर संबंधित ठेकेदार को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ तौर पर निर्देशित किया कि पुलिया के निर्माण में किसी भी स्तर पर घटिया सामग्री का उपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठेकेदार को हिदायत दी गई कि मानक के अनुरूप उत्तम श्रेणी की ईंट, सीमेंट और बालू का ही इस्तेमाल किया जाए, जिससे पुलिया का निर्माण पूरी मजबूती के साथ हो सके।

ईओ ने ठेकेदार को सचेत करते हुए कहा कि चूंकि यह नगर का मुख्य बाजार और बेहद व्यस्त मार्ग है, जहां से दिन-रात भारी वाहनों और वीआईपी गाड़ियों का लगातार आवागमन बना रहता है, इसलिए भविष्य की सुरक्षा और टिकाऊपन को देखते हुए गुणवत्ता के मामले में कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए।

गौरतलब है कि रोडवेज बस स्टैंड के सामने बना यह मुख्य नाला और पुलिया बरसों से क्षतिग्रस्त पड़ी थी, जिसके चलते नाले का पानी सही तरीके से आगे नहीं बढ़ पाता था और हल्की बारिश में भी मुख्य बाजार में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती थी। इस जनसमस्या को संज्ञान में लेते हुए पालिका प्रशासन अब इसे नए सिरे से तैयार करवा रहा है ताकि व्यापारियों और आम राहगीरों को जलभराव से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सके। अधिशासी अधिकारी ने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी नियमित रूप से मौके पर रहकर काम की निगरानी करने को कहा है। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अवर अभियंता (जेई), मुख्य सफाई निरीक्षक अब्दुल फरीद खान सहित पालिका के अन्य कर्मचारी और स्थानीय दुकानदार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …