Breaking News

खीरी में नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक और मैजिक की सीधी भिड़ंत में आठ यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल।

खीरी में नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक और मैजिक की सीधी भिड़ंत में आठ यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। गोला-बहराइच मार्ग स्थित नेशनल हाईवे 730 पर सोमवार को एक बार फिर रफ्तार का भयंकर कहर देखने को मिला। ईसानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ऊंचगांव और भरेहटा के बीच (धौरहरा बॉर्डर) एक बेकाबू ट्रक और सवारी मैजिक के बीच आमने-सामने की इतनी जोरदार टक्कर हुई कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में दो महिलाओं समेत करीब 7 से 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और लंबा जाम लग गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, सवारियों से भरी मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही थी, जिसमें कुल 12 लोग सवार थे। इसी दौरान विपरीत दिशा बहराइच की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से मैजिक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीरों की रूह कांप गई।

सूचना मिलते ही कानून-व्यवस्था संभालने के लिए सीओ धौरहरा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धौरहरा और थाना खमरिया के प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मैजिक में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ईसानगर पुलिस बल के साथ सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया लेकर रवाना हुए, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

इतने बड़े और संवेदनशील हादसे के बाद भी प्रशासनिक लापरवाही का एक गंभीर पहलू सामने आया। दुर्घटना के बाद जब राहत कार्य और स्थिति की जानकारी के लिए संपर्क साधने की कोशिश की गई, तो ईसानगर पुलिस और सीओ धौरहरा के सरकारी सीयूजी नंबर बंद मिले। आपातकालीन और संकट की इस घड़ी में जिम्मेदार अधिकारियों के फोन बंद होने को लेकर मौके पर मौजूद स्थानीय जनता और राहगीरों में गहरा आक्रोश देखा गया। फिलहाल पुलिस मृतकों के शवों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों को सूचना देने की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!