Breaking News

शाहजहांपुर: एसओजी और रोजा पुलिस ने दबोचे पांच शातिर, बिहार से चुराया सोना-चांदी और स्मैक बरामद।

शाहजहाँपुर में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: एसओजी और रोजा पुलिस ने दबोचे पांच शातिर, बिहार से चुराया सोना-चांदी और स्मैक बरामद।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। थाना रोजा पुलिस, जनपदीय एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नशीला पदार्थ स्मैक, अवैध असलहा, वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक इनोवा कार बरामद की है। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए पुलिस टीम की इस कामयाबी की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 18 मई की तड़के करीब 3:10 बजे मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने परी नमकीन फैक्ट्री तिराहे के पास घेराबंदी की और वहां खड़ी एक संदिग्ध इनोवा कार में सवार पांच लोगों को दबोच लिया, जो किसी स्थान पर डकैती डालने की अंतिम योजना बना रहे थे।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंखाखेड़ा (थाना मदनापुर) निवासी मगरूर, मिदरी, अबरम, पतले और बदायूं निवासी राहुल तोमर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए अपराधी बेहद शातिर हैं, जिनमें मगरूर पर 20 और मिदरी पर 30 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। यह गैंग इनोवा कार के जरिए अलग-अलग राज्यों में घूमकर चोरी और डकैती की संगीन वारदातों को अंजाम देता था।

पकड़े गए बदमाशों की जामा तलाशी और कार से पुलिस को 103 ग्राम सोने के आभूषण, 780 ग्राम चांदी के जेवर, 6.5 ग्राम स्मैक, एक देसी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, नकदी और शटर व ताले तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले हथौड़े व सरिया बरामद हुए हैं। कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि बरामद किए गए सारे जेवरात उन्होंने दो-तीन दिन पहले बिहार के गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र से चोरी किए थे। इस साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सीओ सदर प्रियंक जैन, रोजा थाना प्रभारी उमेश कुमार, एसओजी प्रभारी मनोज गौतम और उपनिरीक्षक मोहित चौधरी व शिवम अग्रवाल शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रोजा में बीएनएस, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!