Breaking News

कासगंज: शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बेटे का कार्ड बांटने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, रिश्तेदार गंभीर।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बेटे का कार्ड बांटने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, रिश्तेदार गंभीर।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

पटियाली, कासगंज। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बदायूं-मैनपुरी हाईवे पर बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। ग्राम नगला किशोरी के पास बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से हुए हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपने बेटे की शादी का निमंत्रण देने निकला था, लेकिन घर लौटने से पहले ही काल के गाल में समा गया।

घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम रायपुर निवासी 40 वर्षीय मनमोहन पुत्र खुशीराम के घर में इन दिनों उत्सव का माहौल था। उनके पुत्र पीयूष की शादी आगामी 30 मई को होनी तय हुई थी और पूरा परिवार तैयारियों में जुटा था। बुधवार को मनमोहन अपने रिश्तेदार रक्षपाल (50 वर्ष) निवासी सिकंदरपुर खास (फर्रुखाबाद) के साथ बाइक पर सवार होकर एटा जिले के थाना जैथरा स्थित पुरसारी गांव में रिश्तेदारों को कार्ड देने गए थे। निमंत्रण देकर वापस लौटते समय नगला किशोरी के पास जंगल से निकलकर एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीलगाय से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनमोहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथी रक्षपाल लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रक्षपाल को तत्काल पटियाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।

इस दुखद घटना की खबर जैसे ही मनमोहन के घर पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय वीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की अग्रिम जांच की जा रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!