Breaking News

भीषण गर्मी में भीषण जाम: फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा में यातायात व्यवस्था ध्वस्त, जनता बेहाल।

भीषण गर्मी में भीषण जाम: फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा में यातायात व्यवस्था ध्वस्त, जनता बेहाल।

दीपक शुक्ला, संवाददाता 

फर्रुखाबाद। जनपद में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच आज मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के तहसील तिराहे पर लगे जबरदस्त जाम ने आम जनता और फरियादियों के पसीने छुड़ा दिए। मुख्य बाजार से लेकर तहसील सदर तक जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इस चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच लोग सड़क पर फंसने को मजबूर हो गए। सबसे ज्यादा परेशानी उन फरियादियों को उठानी पड़ी जो दूर-दराज से अपनी समस्याओं को लेकर तहसील सदर पहुंच रहे थे, लेकिन जाम के झाम ने उनका रास्ता रोक दिया।

हैरानी की बात यह रही कि इस गंभीर स्थिति के दौरान मौके से यातायात पुलिसकर्मी पूरी तरह नदारद नजर आए। यातायात व्यवस्था को सुचारू करने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी या सिपाही मौके पर मौजूद नहीं था, जिसके चलते जाम की स्थिति और भी विकराल होती गई। भीषण गर्मी के कारण दोपहिया वाहन सवारों और पैदल यात्रियों की हालत खराब होती दिखी, वहीं ऑटो और ई-रिक्शा में फंसी सवारियां भी बेहाल नजर आईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील तिराहे पर आए दिन इस तरह की अव्यवस्था देखने को मिलती है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। समाचार लिखे जाने तक जाम की वजह से राहगीर मुश्किलों का सामना करने को मजबूर थे और पूरी यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे दिखाई दी।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!