Breaking News

चन्दौली: विश्व पृथ्वी दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, 1700 छात्र-छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प।

चन्दौली: विश्व पृथ्वी दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, 1700 छात्र-छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प।

संवाददाता: शैलेश सिंह

चन्दौली। जिला गंगा समिति चन्दौली के तत्वावधान में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस का भव्य आयोजन नियामताबाद ब्लॉक के गंगा ग्राम पंचायत बहादुरपुर स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल में किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने के लिए क्षेत्र के लगभग 1700 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा प्रकृति और गंगा की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजेश साहनी ने विद्यार्थियों को विस्तृत पर्यावरणीय ज्ञान देते हुए वर्तमान समय में पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व को समझाया। वहीं गंगा टास्क फोर्स 137 बटालियन वाराणसी के सूबेदार धनेश कुमार सिंह ने बच्चों को पर्यावरण बचाने की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद ने उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की सामूहिक शपथ दिलाई। इसी कड़ी में गंगा स्वच्छता महा-अभियान के अंतर्गत एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें सही उत्तर देने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। गंगा सेवक शिवम कुमार अग्रहरी ने मां गंगा की निर्मलता और धार्मिक व पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मेराज अहमद सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए चेतावनी दी कि आज धरती जिस तरह आग उगल रही है, उसका सबसे बड़ा कारण अंधाधुंध वृक्षों का कटान है।

ग्राम प्रधान ने समाज से भावुक अपील करते हुए कहा कि हमें अपनी खुशियों के अवसर जैसे रिंग सेरेमनी, शादी की सालगिरह और जन्मदिन को वृक्षारोपण के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण और उसे वृक्ष बनाने तक की जिम्मेदारी निभाना अनिवार्य है। उन्होंने जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद द्वारा डॉल्फिन संरक्षण और निरंतर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए शासन-प्रशासन के साथ जन-जन की भागीदारी बेहद जरूरी है। इस आयोजन ने पूरे ब्लॉक में पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक नई चेतना का संचार किया है।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!